कांग्रेस ने कहा-लंबे संघर्ष के बाद फैंसले पर मजबूर हुई केन्द्र सरकार
उमरिया। कांग्रेस ने देश मे जातिगत जनगणना के निर्णय को राहुल गांधी की वैचारिक जीत बताया है। सांथ ही कहा कि उनके द्वारा संसद से सडक़ तक किये गये संघर्ष ने भाजपा सरकार को इसके लिये मजबूर कर दिया। पार्टी द्वारा गत दिवस जिला मुख्यालय के स्थानीय सर्किट हाऊस मे एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता तथा संभागीय मीडिया प्रभारी अमित तांवरे, जिला कांग्रेस कमेटी केे अध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा, अमृतलाल यादव, त्रिभुवन प्रताप सिंह, अशोक गौंटिया, संतोष सिंह, ओमप्रकाश सोनी, विजेन्द्र सिंह अब्बू, शकुंतला धुर्वे, राजीव सिंह बघेल, अयाज खान, ताजेन्द्र सिंह समेत अन्य नेता उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने की प्रशंसा
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की विज्ञप्ति प्रसारित की गई, जिसमे कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा 2026 की जनगणना के साथ जातिगत जनगणना कराने की घोषणा सामाजिक न्याय की दिशा मे एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक कदम है। जिसके लिये कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से प्रयासरत थे। श्री पटवारी ने श्री गांधी की दूरदर्शिता, अथक संघर्ष और जनहित के प्रति उनकी अडिग प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि उनके जुनून और बुलंद आवाज का परिणाम है, जिसने भाजपा सरकार को बार-बार घुटने टेकने पर मजबूर किया है।पहले खिल्ली उड़ाई, फिर यू टर्न
वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अमित तांवरे ने कहा कि भाजपा ने देशहित के ज्वलंत मुद्दे उठाने वाले राहुल गांधी को हमेशा अपमानित किया है। जीएसटी, कोरोना, आर्थिक मंदी, भूमि अधिग्रहण, कृषि कानून और अब जातिगत जनगणना। उन्होने हर जगह केन्द्र को आगाह किया, उचित कार्यवाही की मांग की। जिसके जवाब मे भाजपा ने खिल्ली उड़ाते हुए उनकी बात को तवज्जो नहीं दी, पर बाद मे वही किया, जिसकी भविष्यवाणी गांधी ने पहले ही कर दी थी। राहुल गांधी ने कहा था कि वे जातिगत जनगणना करा कर ही रहेंगे। अब केन्द्र को वो भी करना पड़ रहा है।
8 मई को उमरिया मे संविधान बचाओ रैली
पूर्व विधायक अजय सिंह ने कहा कि देश के सांथ ही पूरे मध्यप्रदेश मे अराजकता की स्थिति है। कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुई है। सरकारी उद्योग और संस्थायें बेंची जा रही हैं। लोग बेरोजगारी, बेकारी और मंहगाई से परेशान हैं। केन्द्र और राज्य सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। जिससे जनता का ध्यान भटकाने के लिये भाजपा के नेता और मंत्री रोज नये-नये ड्रामे कर रहे हैं। श्री सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले मे मारे गये लोगों को श्रद्धांजली देते हुए बताया कि आगामी 8 तारीख को कांग्रेस द्वारा जिला मुख्यालय मे संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जायेगा।